यूपी सरकार का फैसला, 9 से 12 वीं तक के विद्यार्थियों की शुरू होगी पढ़ाई, स्कूलों को जारी हुए निर्देश

उत्तर प्रदेश सरकार ने विद्यार्थियों के लिए एक अच्छी खबर दी है। राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों पर 15 मई 2021 तक ऑनलाइन क्लासेज़ कराने पर भी रोक थी। लेकिन अब यूपी की योगी सरकार ने सभी शिक्षण संस्थानों को ऑनलाइन क्लास शुरू करने की अनुमति दे दी है।

राज्य सरकार द्वारा जारी नये आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 20 मई 2021 से ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। इन क्लासेज़ पर रोक के कारण विद्यार्थियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्टूडेंट्स की पढ़ाई का नुकसान न हो, इसलिए सरकार ने यह निर्णय लिया है। हालांकि, बेसिक शिक्षा विभाग पर यह आदेश लागू नहीं होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शनिवार को हुई वर्चुअल कैबिनेट बैठक में तय किया गया कि प्रदेश में कक्षा 9 से 12 वीं और विश्वविद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं 20 मई से शुरू की जाएंगी। उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने बताया कि सरकार ने 20 मई से ऑनलाइन कक्षाएं शुरू करने का फैसला किया है। यूपी बोर्ड की हाई स्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं पर निर्णय 20 मई के बाद लिया जाएगा।

पहले पंचायत चुनाव और फिर बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए उत्तर प्रदेश 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा 2021 दो बार स्थगित की जा चुकी है। मौजूदा परिस्थिति में परीक्षार्थी ये परीक्षाएं रद्द करने की मांग कर रहे हैं।

करीब 56 लाख स्टूडेंट्स इस असमंजस में हैं कि परीक्षा होगी या नहीं। लेकिन उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद् की ओर से अब तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि सरकार जल्द ही इस विषय पर निर्णय करेगी। उम्मीद है कि 20 मई के बाद यूपी बोर्ड एग्जाम्स पर फैसला लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *