चलती ऑटो में अचानक क्या हुआ कि ड्राइवर बेहोश हो गया? जानिए पुलिस ने कैसे बचाई जान!

बरेली (उत्तर प्रदेश): बुधवार दोपहर बारादरी थाना क्षेत्र के सेटेलाइट चौराहा पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती ऑटो में सवार ड्राइवर को अचानक दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ गया। ऑटो बेकाबू होकर बीच सड़क में लड़खड़ाने लगा। मौके पर तैनात ट्रैफिक इंस्पेक्टर (TSI) सत्यवीर सिंह और कांस्टेबल इरशाद ने तत्काल सूझबूझ दिखाई और CPR देकर ऑटो चालक की जान बचा ली।

सेटेलाइट चौराहा बना घटनास्थल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टिंकू गुप्ता नामक ऑटो चालक, जो हाल ही में हृदय सर्जरी के बाद फिर से ऑटो चला रहे थे, जैसे ही सेटेलाइट चौराहे के पास पहुंचे, उन्हें चक्कर आने लगे और वह स्टेयरिंग पर ही गिर पड़े। ऑटो सड़क पर इधर-उधर हिचकोले खाने लगा, जिससे वहां मौजूद लोग घबरा गए।

 ट्रैफिक पुलिस ने दिखाई फुर्ती

TSI सत्यवीर सिंह और कांस्टेबल इरशाद ने तुरंत ऑटो को रोका। ड्राइवर की हालत देखकर उन्होंने बिना देरी किए CPR देना शुरू किया। करीब दो मिनट की लगातार कोशिशों के बाद ड्राइवर की सांसें लौट आईं और वह होश में आ गए।

 अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

इसके बाद चालक को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि समय रहते CPR देने से ही उनकी जान बच सकी। अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

सोशल मीडिया पर बरेली ट्रैफिक पुलिस की हो रही तारीफ

इस मानवीय कार्य की सराहना पूरे शहर में हो रही है। बरेली पुलिस के इस साहसिक कार्य की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। लोग TSI सत्यवीर और कांस्टेबल इरशाद को “वास्तविक हीरो” बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *