रिपोर्ट: कोरोना वैक्सीन ने भारत में बचाई 42 लाख लोगों की जान
एक ब्रिटिश जर्नल ने दावा किया है कि कोरोना टीकाकरण अभियान भारत के लोगों के लिए वरदान साबित हुआ है, जिसमें करीब 42 लाख से ज्यादा भारतीयों की जान बचाई गई है। इस बात में कोई दो राय नहीं कि कोरोना की मुश्किल घड़ी में पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार से मिले प्रोत्साहन के चलते देश एकजुट होकर खड़ा हुआ। इसी क्रम में वैज्ञानिकों, डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों, सुरक्षाकर्मियों, स्वंय सेवकों और देश की जनता ने मिलकर कोरोना महामारी के खिलाफ एक लंबी जंग लड़ी, जिसका नतीजा आज हमारे सामने है। सिर्फ देश ही नहीं अब तो विदेश में भी भारत के सफल वैक्सीनेशन अभियान की चर्चा हो रही है। भारत के वैक्सीनेशन अभियान की सफलता को लेकर अब रिसर्च के नतीजे झुठलाए नहीं जा सकते। ये उन तमाम चर्चाओं पर विराम लगाते हैं जिसमें कहा गया था कि भारत में कोरोना के दौरान बहुत ज्यादा मौतें हुईं है।
भारत में सफल रहा कोरोना टीकाकरण
जी हां, चिकित्सा क्षेत्र के 200 साल पुराने ब्रिटिश जर्नल लैंसेट का यह दावा है। लैसेंट ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि भारत में सफल कोरोना टीकाकरण ने 42 लाख से ज्यादा भारतीयों की जान बचाने में सफलता पाई है। इसी तरह पूरी दुनिया में टीकाकरण के प्रभाव से लगभग दो करोड़ लोगों को मौत के मुंह में जाने से बचा लिया गया।
दुनिया भर के लिए संजीवनी साबित हुई भारत की वैक्सीन
ब्रिटिश जर्नल लैसेंट में प्रकाशित ओलिवर वाटसन की अगुवाई में हुए अध्ययन के मुताबिक कोरोना महामारी से बचाव के लिए भारत में बनी वैक्सीन दुनिया भर के लिए संजीवनी साबित हुई है। आठ दिसंबर 2020 से आठ दिसंबर 2021 के बीच हुए इस अध्ययन का मानना है कि दुनिया में कोरोना से 3.14 करोड़ मौतों का अनुमान लगाया गया था, किन्तु टीकाकरण की वजह से इनमें से 1.98 करोड़ लोगों की जान बचाने में सफलता मिली।
2021 के अंत तक दुनिया की 40% आबादी के टीकाकरण का रखा गया था लक्ष्य
इस अध्ययन में आगे यह भी बताया गया है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वर्ष 2021 के अंत तक दुनिया की 40 फीसदी आबादी के टीकाकरण का लक्ष्य रखा था। यदि यह लक्ष्य पूरा कर लिया गया होता को छह करोड़ लोगों की जान बचाई जा सकती थी।
42 लाख लोगों को दिया जीवनदान
इस अध्ययन के प्रमुख शोधकर्ता ओलिवर वाटसन ने कहा कि भारत में महामारी से 51 लाख से अधिक लोगों की मौत का अनुमान लगाया गया था। इसके विपरीत यहां 5,24,941 मौतें दर्ज की गई हैं। अध्ययन के मुताबिक भारत में टीकाकरण अभियान की सफलता का ही परिणाम है कि 42 लाख लोगों की मौतों को बचाया जा सका।
भारत में लगी 196.75 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन
भारत में अभी तक राष्ट्रव्यापी कोविड टीकाकरण के तहत 196.94 करोड़ से अधिक टीके लगाए जा चुके हैं। इस उपलब्धि को 2,55,36,802 टीकाकरण सत्रों के जरिए प्राप्त किया गया है। वहीं 12-14 आयु वर्ग के लिए कोविड-19 टीकाकरण 16 मार्च, 2022 को प्रारंभ हुआ था जिसमें अब तक 3.62 करोड़ (3,62,20,781) से अधिक किशोरों को कोविड-19 टीके की पहली खुराक लगाई गई है। समान रूप से 18-59 आयु वर्ग के लिए प्रीकॉशन खुराक भी 10 अप्रैल, 2022 को प्रारंभ की गई थी।