यूपी: स्कूली बच्चों को मिलेगा 25,000 रुपये के स्वास्थ्य बीमा का लाभ!
यूपी: स्कूली बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान करने के लिए लखनऊ स्मार्ट सिटी की तरफ से ‘स्कूल हेल्थ प्रोग्राम’ की शुरुआत की गई है। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरु में इसे लखनऊ के तीन स्कूलों में शुरु किया गया है। नगर निगम स्कूलों के 1765 स्टूडेंट्स का हेल्थ चेकअप कर उनका कार्ड बनाया जा रहा है और उन्हें 25 हजार के हेल्थ इंश्योरेंस का कवर भी दिया जा रहा है। पायलट प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद 9 अन्य स्मार्ट सिटी में इस प्रोग्राम को लागू किया जाएगा।
स्टूफिट के अनुसार हर बच्चे का एक यूनीक आईडी कार्ड बनेगा, जिसके माध्यम से इस हेल्थ कार्ड को बच्चे के अभिभावक, स्कूल और प्रशासनिक अधिकारी डाउनलोड कर सकते हैं। डिजिटल हेल्थ रिपोर्ट का हर छमाही में फॉलोअप भी किया जाता है। इसके साथ ही 25 हजार रुपये का हेल्थ कवर कैशलेस कार्ड भी प्रदान किया जाता है। अगर कोई बच्चा बीमारी की वजह से अस्पताल में भर्ती होता है तो इस कार्ड के जरिए उसका उपचार कराया जा सकता है।
लखनऊ मंडलायुक्त एवं लखनऊ स्मार्ट सिटी की अध्यक्ष डॉ. रोशन जैकब द्वारा इस प्रयोगात्मक प्रयास को शुरू किया गया है। नगर आयुक्त एवं लखनऊ स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी इंद्रजीत सिंह ने उत्तर प्रदेश स्टार्टअप पॉलिसी के अंतर्गत रजिस्टर हेल्थ टेक स्टार्टअप स्टूफिट को यह काम सौंपा है। डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि कोविड के दौरान इस स्टार्टअप ने लखनऊ में काफी काम किया था।
ये स्टार्टअप अगर यहां सफल रहते हैं तो अन्य शहरों में भी इस तरह के प्रोग्राम आगे बढ़ा सकते हैं। ये प्रोग्राम बच्चों की हेल्थ के लिए काफी फायदेमंद है। इसमें बच्चों की स्कूल मैपिंग की जाती है, जैसे राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम स्कूलों का दौरा करके बच्चों का चेकअप करती है। ये प्रोग्राम उसी का थोड़ा और बेहतर स्वरूप है ताकि बच्चों को वास्तव में इसका लाभ मिल सके।
