ईद पर मुस्लिमों को ‘सौग़ात-ए-मोदी’ किट, BJP का बड़ा ऐलान, जाने क्या है इस मोदी किट में…
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रमज़ान और ईद के मौके पर ‘सौग़ात-ए-मोदी’ अभियान की शुरुआत की है। इस योजना के तहत देशभर में 32 लाख जरूरतमंद मुस्लिम परिवारों को सहायता प्रदान की जाएगी। भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा ने यह पहल समाज के कमजोर वर्गों तक राहत सामग्री पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की है।
क्या है ‘सौग़ात-ए-मोदी’ अभियान?
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी के अनुसार, इस अभियान में पार्टी के 32,000 पदाधिकारी 32,000 मस्जिदों के इमामों और कमेटियों से संपर्क करेंगे। हर पदाधिकारी 100 जरूरतमंदों की पहचान करेगा और उन्हें सहायता किट वितरित करेगा।
क्या मिलेगा ‘सौग़ात-ए-मोदी’ किट में?
इस विशेष किट में त्योहार के मद्देनजर निम्नलिखित वस्तुएं शामिल की गई हैं:
- खाने की जरूरी चीजें
- सेवइयां, खजूर, शक्कर, ड्राई फ्रूट्स
- महिलाओं के लिए सूट का कपड़ा
- पुरुषों के लिए कुर्ता-पायजामा
ईद मिलन समारोह का आयोजन भी होगा
भाजपा जिला स्तर पर ईद मिलन समारोहों का भी आयोजन करेगी, जिससे समाज में सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा मिल सके। इस अभियान को रमज़ान और ईद के बाद भी जारी रखा जाएगा, जिसमें गुड फ्राइडे, ईस्टर, नवरोज़ और भारतीय नववर्ष जैसे अन्य त्योहारों को भी शामिल किया जाएगा।
क्या है अभियान का मकसद?
भाजपा का कहना है कि यह पहल जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ सभी समुदायों के बीच गंगा-जमुनी तहज़ीब और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का प्रयास है। इस अभियान के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों तक सहायता पहुंचाई जाएगी और सभी समुदायों के बीच एकता को बढ़ावा दिया जाएगा।
