देशी ठाठ-बाट के साथ शुरू हुआ दिल्ली ‘हुनर हाट’, 1 मार्च तक होगा आयोजन

देशभर के दस्तकारों, शिल्पकारों और कारीगरों के स्वदेशी उत्पादों से सजा हुनर हाट नई दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में चल रहा है। देश की विविधता में एकता के दर्शन कराते हुनर हाट की इस बार की थीम वोकल फॉर लोकल रखी गई है। जहां एक से बढ़कर एक हुनरमंद अपने-अपने उत्पादों के साथ पहुंचे हैं। हाट में लोगों के मनोरंजन के लिए भी खास व्यवस्था की गई है। कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियां भी लोगों को खूब भा रही ही है।

 

कलाकारों की प्रस्तुति

कोरोना की वजह से अगर कोई घूमने-फिरने दूर नहीं जा पाए हैं तो हुनर हाट सबसे बेहतरीन जगह है। जहां पूरे देश का रंग एक साथ देखने को मिलेगा। वोकल फॉर लोकल की थीम से सजा दिल्ली के हुनर हाट में देसी ठाठ-बाट की भरपूर झलक मिलेगी। जहां जूट से बुना हुआ खाट है तो ग्रामीणों द्वारा बैठने के लिए प्रयोग किया जाने वाली मचिया भी है। जिस पर बैठ कर न सिर्फ आराम फरमा सकते हैं, बल्कि गायकों और कलाकारों द्वारा दी जा रही प्रस्तुति का भी आनंद ले सकते हैं।

हुनर हाट की सजावट कर रहे लोग पंसद

दिल्ली हुनर हाट की खास बात ये है कि इसकी सजावट लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। देसी और ग्रामीण परिवेश की झलक वाली यहां की सजावट लोगों के सेल्फी और फोटो के लिए सबसे ज्यादा पसंद की जा रही है। हुनर हाट में आम लोगों की एंट्री बिल्कुल निशुल्क हैं। हुनर हाट 20 फरवरी से 1 मार्च तक चलेगा। हुनर हाट के आयोजन का समय सुबह 10 से रात 10 बजे तक है।

अलग-अलग राज्यों के सामानों की कर सकते हैं खरीदारी

जहां तक बात हुनर हाट में सजी दुकानों का है तो जहां दक्षिण भारत के मसालों की खुशबू महक रही है वहीं बंगाल का कारीगरी वाले दुपट्टे, खुर्जा के तरह-तरह के डिजायनदार चीनी मिट्टी के बर्तन दिखेंगे। लेदर के पर्स, बैग के अलावा लकड़ी के एक से बढ़कर सोफे से लेकर, डिजायनदार टेबल और कुर्सी खरीद सकते हैं। हाट में जूट से बने खिलौने तरह-तरह के खिलौने और बांस और लकड़ी से बने हैंड बैग, क्लच बैग की भी लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं।

इसके अलावा कश्मीरी शॉल, जैकेट भी लोगों की पसंद बनी हुई है। हुनर हाट में जम्मू-कश्मीर, झारखंड, केरल, मध्य प्रदेश, मेघालय, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 600 हुनरमंद अपने उत्पादों के साथ हुनर हाट में अपना-अपना स्टाल लगाए हुए हैं।

खाने-पीने के शौकीनों के लिए भी बेहतरीन जगह

इसके अलावा खाने के शौकीनों को भी एक जगह पर देश के अलग-अलग पकवानों का स्वाद मिलेगा। जहां केरल का स्पेशल डोसा, यूपी की चाट और मुंबई का वड़ा पाव है वहीं छत्तीसगढ़, राजस्थान, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, गुजरात के पारंपरिक खाने के साथ ही मुगलई स्वाद भी लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.