बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को ‘भारत रत्न’ सम्मान की घोषणा!
एनडीए सरकार ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करने का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। कला, साहित्य, विज्ञान, समाज सेवा और खेल के क्षेत्र में देश के लिए असाधारण योगदान देने वाले लोगों को ‘भारत रत्न’ से नवाजा जाता है।
पीएम ने इसकी घोषणा करते हुए लिखा, “मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि लालकृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। मैंने भी उनसे बात की और इस सम्मान से सम्मानित होने पर उन्हें बधाई दी। भारत के विकास में हमारे दौर के सबसे सम्मानित नेताओं में से एक रहे आडवाणी जी का योगदान अविस्मरणीय है।”
लालकृष्ण आडवाणी का जन्म 8 नवंबर 1927 को कराची (पाकिस्तान) में हुआ था। 2015 में उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। लालकृष्ण आडवाणी 5 बार लोकसभा और 4 बार राज्यसभा से सांसद रहे हैं। 3 बार भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष भी रहे चुके हैं। 2002 से 2004 के बीच अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में 7वें उप-प्रधानमंत्री रहे। वह भाजपा के फाउंडर मेंबर्स में शामिल हैं। आडवाणी के राजनीतिक करियर की शुरुआत 1942 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता के रूप में हुई थी। यहां से उन्होंने देश के उपप्रधानमंत्री तक का सफर तय किया।
स्वयं को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने पर लालकृष्ण आडवाणी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। आडवाणी ने कहा है कि उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किए जाने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह न केवल उनका, बल्कि उनके आदर्शों और सिद्धांतों का भी सम्मान है।