महाराजगंज में कांग्रेसियों ने रिक्शा चलाकर डीजल-पेट्रोल मूल्य वृद्धि का किया विरोध
महराजगंज: डीजल-पेट्रोल की मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेसियों का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। महराजगंज में सड़क पर उतरे कांग्रेसियों ने सरकार पर आम लोगों के हितों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष अवनीश पाल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने नगर में रिक्शा चलाकर व हाथ में श्लोगन लिखी तख्तियां लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करते हुए मुख्यालय पहुंचे कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया।

इस इस दौरान जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में डीजल का मूल्य पेट्रोल से अधिक हो गया है। इतिहास में इस तरह पहली बार देखने को मिल रहा है। डीजल में मूल्य वृद्धि की मार किसानों पर सबसे अधिक पड़ रही है। इसके बाद भी सरकार किसानों को राहत नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय मार्केट में कच्चा तेल का रेट कम होने के बाद भी सरकार टैक्स कम नहीं कर रही है। सरकार टैक्स बढ़ाकर सरकारी खजाना भरने में लगी हुई है। टैक्स को बढ़ाकर सरकार ने जनता को तबाह कर दिया है। मूल्य में कमी होने तक कांग्रेसियों का विरोध जारी रहेगा। पार्टी के अनुसूचित प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आलोक प्रसाद ने कहा है कि कोरोना आपदा में सरकार ने पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य को बढ़ाकर बहुत ही अन्याय किया है। इससे जनता पर बोझ बढ़ गया है। सरकार ने टैक्स एवं अन्य करों के माध्यम से अपना खजाना भरने का काम किया है।
रिपोर्ट: अरविंद पटेल