अनोखा प्रोटेस्ट: कीचड़, नाले का पानी और गंदगी के बीच दूल्हा-दुल्हन ने पहनाई जयमाला
एक दंपत्ति ने दूल्हा और दुल्हन के गेटअप में प्रोटेस्ट किया। सुनने में जरूर अटपटा लगेगा, लेकिन यह सच है, एक जोड़े ने अपनी शादी की 17वीं सालगिरह क्षेत्र में पड़े गंदे पानी और कीचड़ के बीच खड़े होकर मनाई। यूपी के आगरा में सड़क की समस्या को लेकर अनोखे तरीके से विरोध-प्रदर्शन किया गया। एक दंपत्ति ने दूल्हा और दुल्हन के गेटअप में प्रोटेस्ट किया। उन्होंने नाले के गंदे पानी और कीचड़ भरी सड़क पर खड़े होकर एक दूसरे को जयमाला पहनाकर शादी की सालगिरह मनाई। इस अनोखे प्रदर्शन में कॉलोनी वासी बाराती बनकर शामिल हुए।
थाना ताजगंज क्षेत्र के नगला काली के रहने वाले भगवान शर्मा और उषा देवी ने कीचड़ भरे दलदल और बदबूदार पानी के बीच खड़े होकर ढोल नगाड़ों के साथ दूल्हा दुल्हन की पोशाक में विकास कार्य न होने का विरोध प्रदर्शन किया। इसके लिए उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रति अपनी नाराजगी जताई है। रजरई नगला कली को जोड़ने वाली सड़क के हालात बद से बदतर बने हुए हैं। रास्ते जलभराव के चलते तालाब में तब्दील हैं, जिसके चलते राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
दूल्हे श्री भगवान शर्मा ने कहा कि पिछले 15 सालों से लगातार हम प्रयास कर रहे हैं। सभी जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारियों के पास जा चुके हैं। कहीं भी सुनवाई ना होने पर मजबूरन इस तरह का प्रदर्शन करना पड़ा है। वहीं, दुल्हन उमा शर्मा ने बताया कि यह विरोध परेशानियों को दिखाने के लिए किया जा रहा है। योगी सरकार तो अच्छा कार्य कर रही है। लेकिन उनके कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि समस्याओं को देखने नहीं आते हैं।