विशाखापट्टनम टेस्ट : यशस्वी जायसवाल 257 गेंद पर 17 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 179 बनाकर नाबाद
भारत ने विशाखापट्टनम टेस्ट में पहले दिन का खेल खत्म होने तक 336/6 बना लिए हैं। यशस्वी जयसवाल 179 रन बनाकर नाबाद वापस लौटे हैं।
20 वर्षीय स्पिनर शोएब बशीर का शिकार बने रोहित
विशाखापट्टनम टेस्ट की पहली पारी में फ्लैट ट्रैक पर रोहित शर्मा डेब्यू कर रहे 20 वर्षीय स्पिनर शोएब बशीर का शिकार बन गए। 18वें ओवर की तीसरी गेंद क्विक ऑफ स्पिनर थी। रोहित इसे ग्लांस करना चाहते थे, लेकिन गेंद की गति और टर्न ने उन्हें सरप्राइज कर दिया। नतीजा यह हुआ कि रोहित शर्मा बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर ओली पोप को कैच थमा बैठे। भारत ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया था। रोहित शर्मा 41 गेंद पर 14 रन बनाकर चलते बने। भारत को 40 पर पहला झटका लगा। रोहित के बाद शुभमन गिल की बारी आई।
जेम्स एंडरसन के सामने शुभमन गिल असहज
जेम्स एंडरसन ने 7 पारियों में पांचवीं बार शुभमन गिल को आउट कर दिया। विशाखापट्टनम टेस्ट की शुरुआत से ही जेम्स एंडरसन के सामने शुभमन गिल असहज नजर आ रहे थे। दो बार उनके बल्ले का बाहरी किनारा फील्डर से दूर गिरा। जेम्स एंडरसन लगातार आउटसाइड ऑफ स्टंप बेहतरीन लेंथ के साथ बॉल डालकर गिल को परेशान कर रहे थे। 29वें ओवर की पांचवीं गेंद गुडलेंथ आउटसाइड ऑफ थी। शुभमन गिल ने बल्ला आगे की तरफ निकालकर गेंद को डिफेंड करने का प्रयास किया। बल्ले का बाहरी किनारा विकेटकीपर बेन फोक्स को थमा दिया। शुरू से ही 41 वर्षीय जेम्स एंडरसन के सामने शुभमन गिल ढंग से नहीं खेल पा रहे थे। आखिरकार 34 रन बनाकर उन्होंने पवेलियन की राह पकड़ ली।
श्रेयस अय्यर भी नहीं खेल पाये लंबी पारी
भारत को 89 पर दूसरा झटका लगा। टॉम हार्टली के 51वें ओवर की पहली शॉर्ट बॉल आउटसाइड ऑफ पर श्रेयस अय्यर ने कट शॉट खेलने का प्रयास किया। उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा विकेटकीपर के हाथ चला गया। श्रेयस अय्यर 59 गेंद पर 27 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ तीसरे विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी बनाई। भारत को 179 पर तीसरा झटका लगा। डेब्यू टेस्ट खेल रहे रजत पाटीदार शुरू से ही कॉन्फिडेंट नजर आए। उन्होंने रिवर्स स्वीप खेल कर अंग्रेज गेंदबाजों को खूब परेशान किया। रेहान अहमद को 72वें ओवर की पहली फुलर लेंथ गेंद पर एक्स्ट्रा बाउंस मिला। डिफेंड करने के प्रयास में गेंद रजत के ग्लव से लगकर विकेट की तरफ बढ़ चली।
रजत पाटीदार भी जल्दी हुए आउट
रजत पाटीदार ने गेंद को पैर से डिफ्लेक्ट करने का प्रयास किया, पर वह इसे सीधा विकेट पर ही मार बैठे। रजत पाटीदार ने 72 गेंद पर 32 रन बनाए। भारत को 249 पर चौथा झटका लगा। शोएब बशीर के 86वें ओवर की तीसरी शॉर्ट बॉल आउटसाइड ऑफ को अक्षर पटेल सीधा बैकवर्ड पॉइंट के हाथ खेल बैठे। अक्षर ने बनाए 27 और भारत को 301 पर पांचवां झटका लगा। रेहान अहमद के 91वें ओवर की अंतिम शॉर्ट बॉल को बैकवर्ड पॉइंट फील्डर के हाथ खेलकर केएस भारत भी चलते बने। 330 के स्कोर पर भारत को छठा झटका लगा। दिन का खेल खत्म होने पर यशस्वी जायसवाल 257 गेंद पर 17 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 179 बनाकर नाबाद थे। अश्विन भी 5 रन बनाकर नॉट आउट लौटे।
साभार Lekhanbaji