वी. एस. मेमोरियल पब्लिक स्कूल में नारी शक्ति के सम्मान में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस
मीरा भवन, प्रतापगढ़। वी. एस. मेमोरियल पब्लिक स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नारी शक्ति को नमन करते हुए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं और शिक्षिकाओं ने नारी गरिमा, शक्ति और सम्मान की भव्यता को दर्शाया।

कार्यक्रम में छात्राओं ने भारतीय वीरांगनाओं का रूप धारण कर उनके अदम्य साहस और योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। अनुष्का, आर्या, दीक्षा, साक्षी, आराध्या, अनाया, अविका, रियांशिका और आन्या ने मां दुर्गा, आर्मी ऑफिसर, डॉक्टर, नेत्री, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, मिस वर्ल्ड, अधिवक्ता आदि के रूप में प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन सजीव प्रस्तुतियों ने महिलाओं के आत्मविश्वास, संघर्ष और सफलता के उज्ज्वल पहलुओं को उजागर किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्या सुनीता और शिक्षिकाएं प्रिया, तनु, अंशिका, चंदा, नीलम, स्वाति, शिखा, जेबा, अनम, राखी, मोना और शिवानी आदि उपस्थित रहीं, जिन्होंने स्वयं को नारी के रूप में गौरवान्वित अनुभव करते हुए दर्शाया कि नारी केवल ममता की मूर्ति ही नहीं, बल्कि शक्ति, साहस और संघर्ष की अद्वितीय मिसाल भी है।

विद्यालय की निदेशिका श्रीमती अलका सिंह और श्री राकेश सिंह ने समस्त नारी शक्ति को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा,
“नारी शक्ति सृजन का आधार है। नारी केवल प्रेम, ममता और करुणा का प्रतीक ही नहीं, बल्कि अदम्य साहस, शक्ति और दृढ़ संकल्प की जीवंत मिसाल भी है। समाज के विकास में नारी की भूमिका अतुलनीय है, इसलिए हमें हर क्षेत्र में महिलाओं को सम्मान और समान अवसर प्रदान करना चाहिए।”
कार्यक्रम का समापन ‘नारी तू नारायणी’ के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को नारी गौरव के उत्साह और आत्मविश्वास से भर दिया।
