अयोध्या: दीपोत्सव का आगाज आज से, लाखों दीपक रचेंगे नया विश्व कीर्तिमान

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से अयोध्या में दीपावली के दीपोत्सव को भव्य और वैश्विक पटल पर अविस्मरणीय बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ के नेतृत्व में प्रदेश में दीपोत्सव 2021 मनाने का फैसला लिया गया है। पांच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान सम्पूर्ण अयोध्या में 12 लाख दीपों का प्रज्जवलन किया जाएगा और ‘राम की पैड़ी’ पर नौ लाख दीप जलाकर कर वर्ल्ड रिकार्ड बनाया जाएगा। वहीं अयोध्या नगर क्षेत्र में तीन लाख दीपों का प्रज्जवलन किया जाएगा।

इस दौरान अयोध्या के तट पर रामायण की गाथा को भी अमर बनाया जाएगा। साथ ही लेजर लाइट में भव्य रामायण के हेरिटेज लुक में शो दिखाया जाएगा। घाट को एक राजसी स्थल में बदला जायेगा, जिसमें रामायण का एक लेजर शो दिखाया जाएगा। इसे पूरी तरह से हेरिटेज लुक दिया जा रहा है और इसे रामायण की विभिन्न विशेषताओं के साथ चित्रित किया जायेगा।

हर गांव से आएंगे पांच दीये

आगामी तीन नवंबर को दिवाली की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के प्रत्येक गाँव से पांच मिट्टी के दीपक अयोध्या को रोशन करने में मदद करेंगे। राज्य में दीपोत्सव की शुरूआत आज से हो रही है, जिसका मुख्य आयोजन तीन नवंबर को होगा। इस दिन मां सरयू का नौ लाख दीपों से श्रृंगार किया जाएगा।

दीपोत्सव के लिए उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के संबंधित जिलाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का काम सौंपा गया है कि राज्य के 90 हजार से अधिक गांवों में से प्रत्येक से पांच मिट्टी के दीपक समय पर अयोध्या पहुंचें और यह कार्यक्रम सुचारु रूप से हो सके।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हैं नाम

जानकारी के लिए बता दें कि वर्ष 2017 के बाद से राज्य सरकार अयोध्या में दीपोत्सव समारोह आयोजित कर रही है। इस कार्यक्रम के उद्घाटन में 51 हजार दीये, वर्ष 2019 में 4,04,226 दीये और वर्ष 2020 में 6,06,569 दीयों को जलाया गया, जोकि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। पर्यटन विभाग के अनुसार इस वर्ष के दीपोत्सव समारोह के लिए राज्य के प्रत्येक गांव में पांच मिट्टी के दीपक देने का निर्णय लखनऊ में आयोजित एक बैठक में राज्य स्तर पर लिया गया है। इस पहल के लिए जिलाधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

ऐसे बनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड

इस आयोजन को जज करने के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की एक टीम अयोध्या में मौजूद होगी। विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए मिट्टी के एक दीये को कम से कम पांच मिनट तक जलाना होगा। इसके लिए कार्यक्रम के आयोजकों ने प्रत्येक मिट्टी के दीए के लिए 40 मिलीलीटर तेल का उपयोग करने का निर्णय लिया है।

भव्य होगा अयोध्या का कार्यक्रम

राज्य के पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी ने प्रेसवार्ता में कहा कि यह एक स्वागत योग्य कदम है, जो राज्य के सभी गांवों और जिलों को अयोध्या में समारोह का बनेंगे। जिला पर्यटन विभाग के अधिकारी, डीएम की देखरेख में, राज्य भर के निर्वाचित ग्राम प्रधानों और ग्रामीण कुम्हारों से संपर्क करेंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ये 4.5 लाख से अधिक दीये मिल सकें। इन गांवों की सूची में प्रयागराज जिले के लगभग 2800, प्रतापगढ़ जिले के 2000 से अधिक, कौशांबी के 800 से अधिक और फतेहपुर जिले के 1300 से अधिक गांव शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *