चार सवारियों ने रची साजिश: फ्रूटी पिलाकर लूटा ई-रिक्शा, पुलिस जुटी जांच में

बरेली में लूट का नया और खतरनाक तरीका सामने आया है। चार बदमाशों ने एक ई-रिक्शा चालक को नशीली फ्रूटी पिलाकर पहले बेहोश किया और फिर उसका ई-रिक्शा, मोबाइल फोन और नकदी लूटकर फरार हो गए। चालक को अगली सुबह पुलिस चौकी के पीछे बेसुध हालत में फेंका हुआ पाया गया। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के ज़रिए बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

बारादरी क्षेत्र के रहने वाले एक ई-रिक्शा चालक को चार अज्ञात लोगों ने नशीली फ्रूटी पिलाकर बेहोश कर दिया और उसके बाद उसका ई-रिक्शा, मोबाइल फोन और कुछ रुपये लेकर फरार हो गए। पीड़ित के परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की और उसे अगली सुबह सुनसान इलाके में बेसुध हालत में पाया।

एजाज नगर गौटिया निवासी सत्तार हुसैन ने बताया कि वह राजकुमार की पत्नी लक्ष्मी का ई-रिक्शा किराए पर चलाता था। 5 जून की दोपहर रोज की तरह अपने रिक्शा पर सवारी के इंतेजार में खड़ा था तभी आरोपी ई-रिक्शा बुक करके ले गए और इस घटना को अंजाम दे दिया।
पीड़ित ने बताया कि वह दोपहर करीब 1 बजे ईंट पजाया चौराहे से चार सवारियों को लेकर छोटा बिहार की ओर जा रहा था। जैसे ही वह फिनिक्स मॉल के पास पहुँचा, तभी उनमें से एक सवारी ने उसे फ्रूटी पिलाई। पीड़ित का आरोप है कि उस फ्रूटी में नशीला पदार्थ मिला हुआ था। फ्रूटी पीने के कुछ ही देर बाद उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गया। जब वह अगली सुबह करीब 3:30 बजे रामगंगा नगर कॉलोनी की चौकी के पीछे पड़ा मिला, तब उसके परिजनों को सूचना मिली।
इस दौरान अज्ञात आरोपियों ने उसका ई-रिक्शा, एक नोकिया कीपैड और उसकी जेब में रखे कुछ रुपये भी लूट लिए। पीड़ित ने इसकी तहरीर बारादरी थाने में दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मोबाइल की लोकेशन के जरिए आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *